दर्दनाक हादसा: डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत, युवती गंभीर घायल
हल्द्वानी-: लालकुआं–काठगोदाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप शनिवार सुबह डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 30 वर्षीय कार्तिक कांडपाल पुत्र कृष्ण नंद कांडपाल शनिवार प्रातः लगभग 10 बजे स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव की 25 वर्षीय युवती नेहा कांडपाल पुत्री पुष्कर कांडपाल ने उनसे लिफ्ट लेकर साथ बैठ गई। बताया जा रहा है कि नेहा अशोक लीलैंड कंपनी में कार्यरत है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही दोनों गांव की सड़क से राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़े और आगे चल रहे डंपर (संख्या UK 01-CA 3035) को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी स्कूटी अनियंत्रित हो गई और डंपर के नीचे जा घुसी। हादसे में कार्तिक का सिर डंपर के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नेहा के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




