ग्राम चिन्तोली में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो युवकों की मौत
अल्मोड़ा। जनपद के देघाट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिन्तोली में रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को ग्राम प्रहरी चन्दन सिंह ने थाना देघाट को सूचना दी कि ग्राम चिन्तोली (देघाट) में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही देघाट पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देघाट पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया।
मृतकों की पहचान
दर्शन सिंह (24) पुत्र छोदाण सिंह, निवासी ग्राम चिन्तोली
चन्दन सिंह (24) पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम चिन्तोली
घायलों का विवरण
गोपाल सिंह (24) पुत्र गब्बर सिंह, निवासी ग्राम चिन्तोली
नरेन्द्र सिंह (18) पुत्र दीवान सिंह, निवासी ग्राम चिन्तोली
हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। देघाट पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




