उत्तराखण्ड

बाघ की गतिविधि से जन सुरक्षा को खतरा, 8 विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित

बाघ की गतिविधि से जन सुरक्षा को खतरा, 8 विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित
रुद्रप्रयाग:
तहसील रुद्रप्रयाग के सिंद्रवाणी क्षेत्र में बाघ द्वारा एक बच्चे को उठाए जाने की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और जन सुरक्षा की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। वन्यजीव की संभावित गतिविधियों को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद के प्रभावित क्षेत्रों के कुल 8 विद्यालयों में दिनांक 04 फरवरी, 2026 एवं 05 फरवरी, 2026 (दो दिन) का अवकाश घोषित किया गया है।
अवकाश घोषित किए गए विद्यालयों में—
राजकीय प्राथमिक विद्यालय, चमसील
राजकीय प्राथमिक विद्यालय, झालीमठ
राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सारी
राजकीय प्राथमिक विद्यालय, छिनका
राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सिंद्रवाणी
राजकीय प्राथमिक विद्यालय, हिलोरीधार
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, छिनका
जनता हाई स्कूल, ककोड़ाखाल
शामिल हैं।
इसके साथ ही उक्त विद्यालयों के आसपास संचालित समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में भी दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अवकाश केवल उपरोक्त विद्यालयों एवं संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों के विद्यार्थियों पर ही लागू होगा।
जिला प्रशासन के अनुसार, वर्तमान परिस्थितियों में विद्यार्थियों का विद्यालय आवागमन सुरक्षित प्रतीत नहीं हो रहा है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। आदेश के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश संबंधित अधिकारियों को जारी कर दिए गए हैं।
प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों से सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से जंगल अथवा सुनसान क्षेत्रों में न जाने की अपील की गई है।

Ad Ad
To Top