Uttarakhand city news भीमताल के नाइसेला विद्यालय में तीन दिवसीय विज्ञान संचेतना कार्यक्रम संपन्न
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के दूरस्थ क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नाइसेला, भीमताल में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विज्ञान संचेतना कार्यक्रम का बुधवार, 11 मार्च 2026 को समापन हो गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान डाइट के प्राचार्य सुरेश चंद्र आर्य ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच और तर्कपूर्ण दृष्टिकोण के महत्व के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. पूरन सिंह बुंगला ने किया। उन्होंने बताया कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और विज्ञान के प्रति आकर्षण बढ़ाने के लिए इस कार्यशाला का आयोजन किया गया था।
कार्यशाला में संदर्भदाता के रूप में श्रीमती गीता नेगी और श्री संतोष कुमार जोशी ने विद्यार्थियों को विज्ञान से जुड़े लगभग 15 प्रयोगों का प्रदर्शन और अभ्यास करवाया। इन प्रयोगों के माध्यम से बच्चों को विज्ञान की अवधारणाओं को सरल और व्यावहारिक तरीके से समझाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य शर्मा जी सहित शिक्षक तिलक बृजवासी, काण्डपाल, पालरिया तथा अन्य अध्यापक मौजूद रहे। कार्यक्रम में लगभग 48 विद्यार्थियों ने भाग लिया और विज्ञान से जुड़े प्रयोगों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।




