Uttarakhand city news Dehradun फरवरी का आधा महीना निकालने को आया है ऐसे राज्य में सूरज के तेवर अभी से तल्ख होने लगे हैं। चटक धूप के कारण पारा लगातार चढ़ रहा है और फरवरी के महीने में ही मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी से लोगों को दो-चार होना पड़ रहा है इन सब के बीच मौसम शुष्क रहने की भी मौसम विभाग ने संभावना जताई है तथा राज्य के उच्च हिमालय क्षेत्र में 16 फरवरी को बरसात और हिमपात को लेकर मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं है। शुष्क मौसम के चलते ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में इजाफा हो रहा है। शीतकाल में बारिश कम होने का कारण पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर होना बताया जा रहा है, जिसकी वजह से समय से पहले ही गर्मी पड़ने लगी है।
देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है और दिनभर चटख धूप खिल रही है। चटक धूप खिलने की वजह से तापमान में वृद्धि हो रही है। दोपहर की धूप अब असहनीय हो गई है और लोग धूप में बैठने की बजाय छांव का सहारा ले रहे हैं।
मंगलवार को सूरज की तपिश इतनी तेज थी कि पारा 27 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। पिछले तीन दिनों से देहरादून का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वर्ष 2020 के बाद इस बार फरवरी का पहला पखवाड़ा सबसे ज्यादा गर्म है।
देशभर में मौसम प्रणाली:
पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफगानिस्तान और उससे सटे पाकिस्तान के ऊपर 3.1 से 5.8 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में दिखाई दे रहा है।
दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण पूर्वोत्तर बांग्लादेश के ऊपर बना हुआ है।
उप-उष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम की मुख्य हवाएं 12.6 किमी की ऊंचाई पर उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में 125 नॉट की गति से प्रवाहित हो रही हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में हुई मौसमी हलचल
पिछले 24 घंटों के दौरान, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई।
सिक्किम, असम और पश्चिम राजस्थान में हल्की बारिश दर्ज की गई।
ओडिशा के कुछ इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा देखा गया।
अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि
अगले 24 घंटे के दौरान, अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है।
असम, सिक्किम और उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है।
पूर्वी भारत के न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटों के दौरान वृद्धि होगी, लेकिन उसके बाद गिरावट हो सकती है।
उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत के न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
