पूर्वोत्तर रेलवे में चार कर्मचारी सम्मानित, लोको पायलट रवि रंजन राजर्षि ने दिखाई सतर्कता
बरेली, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंगलवार को महाप्रबंधक सभाकक्ष में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार कर्मचारियों को ‘स्टार परफॉर्मर ऑफ द मंथ’ सम्मान से नवाजा। सम्मानित कर्मचारियों को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
सम्मानित कर्मचारियों में इज्जतनगर मंडल के बरेली सिटी स्टेशन पर लोको पायलट (मेल) के पद पर तैनात रवि रंजन राजर्षि भी शामिल रहे। उन्होंने 30 नवंबर 2025 को ट्रेन संख्या 15076 पर कार्य करते हुए अपनी सूझबूझ और तत्परता से बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह 8:49 बजे खटीमा डाउन होम रूट इंडिकेटर के पास लाइन संख्या 01 का संकेत ‘ऑफ’ दिखाई दिया। होम सिग्नल पार करने के बाद लोको पायलट ने देखा कि गेट संख्या 30 स्पेशल का बूम खुला हुआ था और स्लाइडिंग बूम व चेन भी नहीं लगी थी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए राजर्षि ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी और वाॅकी-टाॅकी से ट्रेन मैनेजर तथा खटीमा स्टेशन मास्टर को सूचना दी।
स्टेशन मास्टर के निर्देश पर गेटमैन ने स्लाइडिंग बूम लगाकर गेट को सुरक्षित रूप से बंद किया, जिसके बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। लोको पायलट की सतर्कता ने एक संभावित गंभीर हादसे को टलने से बचाया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले ऐसे कर्मचारियों का सम्मान रेलवे की कार्य संस्कृति को और मजबूत बनाता है।




