Uttarakhand city news
अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, खोह नदी में पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
जिलाधिकारी के निर्देशन में तहसील प्रशासन द्वारा निरंतर छापेमारी अभियान जारी
पौड़ी
जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख़्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में तहसील प्रशासन ने कोटद्वार क्षेत्र के झूला पुल के पास खोह नदी में छापेमारी करते हुए अवैध खनन कर रहे पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। संबंधित वाहनों के खिलाफ चलानी कार्रवाई की जा रही है।
उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन को रोकने के लिए प्रशासन लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है। इसी क्रम में बुधवार सुबह नायब तहसीलदार राजेंद्र सनवाल के नेतृत्व में राजस्व टीम ने झूला पुल स्थित खोह नदी में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नदी में अवैध रूप से खनन करते हुए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई। टीम ने मौके पर ही सभी वाहनों को सीज करते हुए उन्हें कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार चलानी कार्रवाई की जा रही है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की ओर से आगे भी इस तरह की छापेमारी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अवैध खनन में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




