पुलिस के मुख्य आरक्षी बच्ची सिंह का आकस्मिक निधन
पुलिस परिवार में शोक की लहर, विभाग ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
चम्पावत।
जनपद चम्पावत पुलिस परिवार के लिए एक अत्यंत दुखद समाचार सामने आया है। जनपद में नियुक्त मुख्य आरक्षी बच्ची सिंह (उम्र 50 वर्ष) का 04 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 09:30 बजे उनके पैतृक निवास पर आकस्मिक निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्वर्गीय बच्ची सिंह मूल रूप से ग्राम विरखन, पोस्ट प्यूड़ा, थाना मुक्तेश्वर, जनपद नैनीताल के निवासी थे। वे वर्तमान में पदोन्नति प्रशिक्षण हेतु 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर में प्रशिक्षणरत थे। प्रशिक्षण के दौरान वे एक दिन के अवकाश पर अपने घर गए थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया।
स्वर्गीय बच्ची सिंह ने अप्रैल 2002 में पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर भर्ती होकर सेवा प्रारंभ की थी। अपने सेवाकाल में उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ विभाग की सेवा की। पुलिस विभाग में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।
मुख्य आरक्षी के निधन पर पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्री अजय गणपति सहित समस्त चम्पावत पुलिस परिवार ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।




