उत्तराखण्ड

फिर हुई सड़क खून से लाल, मौत (हल्द्वानी)

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित देवलचौड़ चौराहे पर मंगलवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नैनीताल जिले के बेतालघाट विकासखंड के हरतपा गांव निवासी अनिल रौतेला हल्द्वानी में किराए के कमरे में रहकर एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। मंगलवार रात वह किसी कार्य से देवलचौड़ क्षेत्र गया हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हल्द्वानी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने अनिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ घंटों बाद उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई अर्जुन के अनुसार, अनिल रात करीब 9 बजे टीपी नगर चौकी के पास एक फास्ट फूड सेंटर पर गया था, जहां से लौटते समय यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल के पेट और पैर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच शुरू की और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। डंपर को भी सीज कर दिया गया है।

To Top