यात्री सुविधाओं व रेल राजस्व बढ़ाने पर जोर, गोरखपुर में समीक्षा बैठक सम्पन्न
गोरखपुर,
पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर मुख्यालय में बुधवार को यात्री एवं माल यातायात के साथ-साथ रेल राजस्व में वृद्धि को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वाणिज्य विभाग के सभाकक्ष में हुई इस बैठक की अध्यक्षता प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक श्री पी.सी. जायसवाल ने की। बैठक में तीनों मंडलों के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक एवं मुख्यालय के वाणिज्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में यात्री यातायात एवं आय में वृद्धि, मालभाड़ा यातायात को बढ़ावा देने, मालगोदामों के सुधार एवं उन्नयन तथा एन.एफ.आर. पॉलिसी के अंतर्गत स्थानीय व्यापारियों से समन्वय कर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रेल राजस्व बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले लखनऊ मंडल एवं प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक कार्यालय के टिकट चेकिंग संवर्ग के एक-एक कर्मचारी को सम्मानित भी किया गया।
प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक श्री पी.सी. जायसवाल ने यात्रियों को अनारक्षित टिकट की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ‘रेल वन ऐप’ के प्रचार-प्रसार, एटीवीएम मशीनों की संख्या बढ़ाने तथा मोबाइल टिकटिंग मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश मंडलों को दिए। उन्होंने ‘रेल मदद’ पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यात्रियों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाए।
उन्होंने सभी स्टेशनों पर न्यूनतम आवश्यक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने, दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा हेल्प बूथ स्थापित करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोकथाम के लिए नियमित रूप से बस रेड तथा ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
बैठक में मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक/यात्री सेवाएं श्री विजय कुमार, मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक/फ्रेट मार्केटिंग श्री अनिल कुमार, उप मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक/फ्रेट मार्केटिंग श्री सुमित कुमार, उप मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक/यात्री सेवाएं श्री आशीष कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक/इज्जतनगर श्री संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक/लखनऊ श्री आशुतोष गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक/वाराणसी श्री शेख शमीउर्रहमान, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबन्धक/टिकट जांच श्री पवन कुमार मिश्र, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबन्धक/सामान्य श्री प्रशान्त कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबन्धक/फ्रेट मार्केटिंग श्री आलोक कुमार श्रीवास्तव, सहायक वाणिज्य प्रबन्धक/कोर्ट श्री अमरेश्वर निधान त्रिपाठी, सचिव/प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक श्री राजशेखर मिश्र, सहायक वाणिज्य प्रबन्धक/कैटरिंग श्री प्रशान्त मिश्र तथा सहायक वाणिज्य प्रबन्धक/यात्री सेवाएं श्री शिवशंकर प्रसाद उपस्थित रहे।




