उत्तराखण्ड

(रेलवे ब्रेकिंग)टनकपुर से नांदेड़ के लिए साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की तैयारी शुरू ट्रेन का रैक पहुंचा, सीएम दिखा सकते हैं हरी झंडी।

टनकपुर से नांदेड़ के लिए साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की तैयारी शुरू ।
22 कोच का पीलीभीत के शाही स्टेशन पर पहुंचा ट्रेन का रैक, सीएम दिखा सकते हैं हरी झंडी
टनकपुर / पीलीभीत।
सिख धर्म के पवित्र तीर्थस्थल नांदेड़ (महाराष्ट्र) के लिए अब टनकपुर से साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 22 कोचों का ट्रेन का एक रैक जनपद पीलीभीत के शाही रेलवे स्टेशन के लाइन नंबर तीन पर पहुंच गया है, जिससे रेल सेवा के शुभारंभ की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने हालिया दिल्ली दौरे के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर सिखों के दसवें गुरु एवं आध्यात्मिक नेता गुरु गोबिंद सिंह जी के स्थायी निवास नांदेड़ के लिए टनकपुर से सीधी एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री के इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए रेल मंत्री ने रेलवे बोर्ड को टनकपुर से नांदेड़ (महाराष्ट्र) के बीच सप्ताह में एक दिन एक्सप्रेस ट्रेन चलाने के निर्देश दिए।
रेलवे बोर्ड के निर्देशों के बाद अब जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में ट्रेन का रैक शाही रेलवे स्टेशन पर लाकर खड़ा किया गया है, जिसे इस प्रस्तावित सेवा की दिशा में एक अहम संकेत माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यदि सभी तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस ऐतिहासिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं। इस रेल सेवा के शुरू होने से उत्तराखंड सहित आसपास के राज्यों के सिख श्रद्धालुओं को नांदेड़ साहिब की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।

Ad Ad
To Top