Uttarakhand city news Lalkuan -: रेल यात्रियों की सफल, सुखद एवं मंगलमय यात्रा सुनिश्चित करने हेतु रेलवे प्रशासन निरन्तर प्रयासरत है। रेलवे प्रशासन द्वारा विभिन्न त्यौहारों के अवसरों पर विशेष गाड़ियों का संचलन किया जाता है, ताकि यात्री सुविधापूर्वक अपने गंतव्य को पहुँच सके। आगामी होली पर्व के अवसर पर भारतीय रेल द्वारा 01 से 22 मार्च,2026 तक देश के विभिन्न नगरों से/को 1410 होली विशेष गाड़ियों का संचलन किया जायेगा। होली पर्व पर यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे के स्टेशनों से लालकुआ-राजकोट, बढ़नी-अमृतसर, गोमतीनगर-खातीपुरा एवं बनारस-आनन्द विहार टर्मिनस होली विशेष ट्रेनों सहित 62 विशेष ट्रेनें चलाई जायेंगी, जिसे आवश्यकता पड़ने पर बढ़ाया जा सकता है।
होली विशेष ट्रेनों के संचलन से नियमित ट्रेनों पर दबाव घटता है। यात्रियों को त्यौहार पर घर पहुँचना आसान हो जाता है तथा अतिरिक्त ट्रेनों के संचलन से सीटों की उपलब्धता बढ़ती है, जिससे कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाती है एवं यात्रा सुखद और आरामदायक होती है।
इन विशेष ट्रेनों से यात्री सुविधाजन्य तरीके से यात्रा कर अपने नगर को पहुँच सकेंगे एवं अपनों के बीच सौहार्द के साथ होली का त्योहार मना सकेंगे। यात्री गण होली विशेष गाड़ियों में अपना बर्थ आरक्षित कराकर अपनी यात्रा को सुखद एवं आरामदेह बना सकेंगे।




