Uttarakhand city news
मुरादाबाद मंडल की पहल से कंटेनर रैक द्वारा चीनी लदान की शुरुआत ।
मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में मुरादाबाद मंडल द्वारा गुड्स को रेल मार्ग द्वारा बढ़ावा देने हेतु एवं खासकर चीनी लदान को बढ़ावा देने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में दिनांक 12.03.2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव एवं श्रीमती ऋचा शर्मा/ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) के द्वारा चीनी उद्योग से जुड़े मिल व्यापारियों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान मंडल में चीनी लदान की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा व्यापारियों को लदान के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान हेतु सुझाव प्राप्त किए गए।
बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक द्वारा परंपरागत BCN वैगनों के अतिरिक्त गैर-परंपरागत माध्यमों, विशेषकर कंटेनर के माध्यम से लदान को बढ़ावा देने पर बल दिया गया।
उक्त प्रयासों के फलस्वरूप आज दिनांक 25.03.2026 को अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड, स्योहारा, त्रिवेणी इंजीनियरिंग लिमिटेड तथा प्रकाश भलोटिया एंड ब्रदर्स द्वारा प्रथम बार कंटेनर रैक के माध्यम से मुरादाबाद से कोलकाता (शालीमार) के लिए चीनी प्रेषित की गई। इस रैक के माध्यम से कुल 2160 टन चीनी का सफलतापूर्वक प्रेषण किया गया।
कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (CONCOR), ICD/मुरादाबाद ने अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड (बिरला शुगर), त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, और M/s प्रकाश भलोटिया एंड ब्रदर्स के द्वारा अपनी अब तक की पहली “शुगर एक्सप्रेस” ट्रेन को आज सफलतापूर्वक रवाना किया है।
इस ट्रेन में 80 × 20’ के घरेलू कंटेनर हैं, जिनमें मुरादाबाद से शालीमार (कोलकाता) तक चीनी ले जाई जा रही है। इस सेवा को संभव बनाने के लिए 'फर्स्ट माइल' और 'लास्ट माइल' सेवाएँ CONCOR द्वारा प्रदान की गई हैं। इससे चीनी परिवहन के लिए रेल के उपयोग (Rail coefficient) को बढ़ाने में मदद मिली है और पर्यावरण के अनुकूल लॉजिस्टिक्स (ग्रीनर लॉजिस्टिक्स) की दिशा में एक नई गति मिली है। इस कदम से उन कंटेनरों का भी बेहतर उपयोग हो सकेगा, जो पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण अंतर्राष्ट्रीय कंटेनर परिवहन पर पड़े प्रतिकूल प्रभाव के चलते फिलहाल घरेलू उपयोग के लिए उपलब्ध हैं।
इस ट्रेन को मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव द्वारा हरी झंडी दिखाकर गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
कंटेनर कारपोरेशन द्वारा प्रदान की जा रही डोर-टू-डोर सेवा के कारण इस प्रकार की लोडिंग से विशेष रूप से छोटे व्यापारियों को सुविधा प्राप्त होती है। साथ ही, इस पहल द्वारा रेलवे को अतिरिक्त राजस्व की प्राप्ति होगी।
मुरादाबाद मंडल भविष्य में भी इस प्रकार के नवाचारों के माध्यम से माल लदान को प्रोत्साहित करने हेतु प्रतिबद्ध है




