Uttarakhand city news विश्वविद्यालय के प्रोफेसर के पुत्र राहुल शेखर ने यूपीएससी में 75वीं रैंक पाई
पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विष्वविद्यालय, पंतनगर से जुड़े प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर विष्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। डा. बीरेन्द्र प्रसाद, प्रोफेसर, जेनेटिक्स एवं प्लांट ब्रीडिंग के पुत्र राहुल शेखर ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में अखिल भारतीय स्तर पर 75वीं रैंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। राहुल शेखर ने अपनी प्रारम्भिक शिक्षा सैनिक स्कूल, घोड़ाखाल, नैनीताल से प्राप्त की तथा इसके बाद उन्होंने आईआईटी कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री प्राप्त की। इससे पूर्व भी उन्होंने कई प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वर्ष 2021 में उन्होंने इंजीनियरिंग सर्विसेज (आईईएस) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 3 प्राप्त की थी। वर्ष 2024 में भारतीय वन सेवा (आईएफएस) में 44वीं रैंक तथा यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 में 242वीं रैंक प्राप्त की थी, जिसमें उन्हें आईआरएस (इनकम टैक्स) कैडर आवंटित हुआ था।
राहुल शेखर की इस उपलब्धि पर विष्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनमोहन सिंह चौहान ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता विष्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है और यह दर्शाती है कि दृढ़ संकल्प एवं निरंतर परिश्रम से उच्चतम लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने राहुल तथा उनके अभिभावकों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।




