Uttarakhand city news Pantnagar प्रो. ज्योति को मिला प्रतिष्ठित सी.एल.एफ.एम.ए. पुरस्कार
पंतनगर,। जी.बी. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के पशुचिकित्सा एवं पशुविज्ञान महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. ज्योति पलोड़ को पशुधन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित सी.एल.एफ.एम.ए. पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान हैदराबाद स्थित होटल ताज डेक्कन में आयोजित सी.एल.एफ.एम.ए. ऑफ इंडिया की 66वीं राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में केन्द्रीय राज्यमंत्री (मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज) प्रो. एस.पी. सिंह बघेल एवं तेलंगाना सरकार के पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री श्री वक्ति श्रीहरि द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सी.एल.एफ.एम.ए. अध्यक्ष श्री दिव्य कुमार गुलाटी सहित भारत सरकार एवं तेलंगाना राज्य के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सी.एल.एफ.एम.ए. पुरस्कार को पशुधन एवं कुक्कुट पालन क्षेत्र का अत्यंत प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है। इस वर्ष समिति ने डॉ. पलोड़ का चयन उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट अनुसंधान एवं शैक्षणिक कार्यों के आधार पर किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान समेत पशुपालन व कुक्कुट पालन क्षेत्र से जुड़े वैज्ञानिकों ने डॉ. ज्योति पलोड़ को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है।




