रक्षा मंत्री के दौरे से पहले हाई अलर्ट, हल्द्वानी में हुई उच्चस्तरीय ब्रीफिंग
हल्द्वानी: जनपद नैनीताल में केंद्रीय रक्षा मंत्री Rajnath Singh के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के सभागार में उच्चस्तरीय पुलिस एवं प्रशासनिक ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें वीवीआईपी कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की रणनीति तैयार की गई।
ब्रीफिंग की अध्यक्षता आईजी कुमाऊं Riddhim Agarwal ने की। बैठक में आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, आईजी इंटेलिजेंस करन सिंह नगन्याल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी Manjunath TC समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए। वीवीआईपी सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाने, कार्यक्रम स्थल और रूट पर सघन एंटी-सबोटाज चेकिंग, बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वायड की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा केवल अधिकृत पास धारकों को ही प्रवेश देने, छतों और ऊंची इमारतों पर पुलिस बल तैनात करने तथा सीसीटीवी से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। 21 और 22 मार्च (शनिवार-रविवार) को ईद और लंबे वीकेंड के मद्देनजर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पूरे नैनीताल जनपद में सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक भारी और मालवाहक वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि दूध, सब्जी, पेट्रोल-डीजल, एलपीजी और मेडिकल सप्लाई जैसी आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यातायात डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और पार्किंग व्यवस्था को सुचारू रखा जाए। साथ ही कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी, वायरलेस के माध्यम से लगातार संपर्क और ATS, QRT व रिजर्व फोर्स को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने साफ किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होगी।
अधिकारियों ने आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ काम करते हुए पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।




