गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व पर श्रद्धा की अलौकिक छटा — हल्द्वानी व लालकुआं में प्रभात फेरियों में उमड़ा श्रद्धा का सागर
हल्द्वानी/लालकुआं (नैनीताल)।
“सब ते बड़ा सतगुरु नानक जिन कल राखी मेरी… नाम मिले तां जीवा, नानक नाम मिले।”
गुरु की महिमा का गुणगान करते हुए सिख समाज के श्रद्धालु रविवार तड़के प्रभात फेरियों में उमड़ पड़े। श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 556वें प्रकाश पर्व को समर्पित भव्य प्रभात फेरियों ने हल्द्वानी और लालकुआं की गलियों को भक्ति और सेवा की भावना से भर दिया।
🔸 लालकुआं में भक्ति की गूंज
लालकुआं में गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा द्वारा आयोजित प्रभात फेरी में सैकड़ों श्रद्धालु सुबह 5 बजे से ही नगर की गलियों में “वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह” के जयकारे लगाते हुए निकले।
प्रभात फेरी की शुरुआत गुरुद्वारा साहिब परिसर से हुई और शहर के मुख्य मार्गों से होकर वापस गुरुद्वारा पहुंची। श्रद्धालुओं ने शब्द कीर्तन, अरदास और लंगर सेवा के माध्यम से गुरु नानक देव जी के उपदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस दौरान गुरु सिंह सभा अध्यक्ष सरदार हरबंस सिंह, सरदार जसवीर सिंह, सरदार गुरदीप सिंह, हेमंत नरूला, डॉ. राजकुमार सेतिया, अनूप कुमार भाटिया, आशीष भाटिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
🔸 हल्द्वानी में पांचवी प्रभात फेरी का भव्य आयोजन
वहीं हल्द्वानी में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक पुरा भोटिया पड़ाव (सुभाष नगर) में पांचवी प्रभात फेरी श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुई।
प्रभात फेरी का शुभारंभ गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, रामलीला ग्राउंड से प्रातः 5 बजे हुआ, जो नैनीताल रोड, पेट्रोल पंप, तिकोनिया, ठंडी सड़क, सुभाष नगर, आवास विकास चौराहा, खालसा स्कूल होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु नानक पुरा पहुंची।
प्रभात फेरी के मार्ग में जगह-जगह फूलों की वर्षा कर संगत का स्वागत किया गया। महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी कीर्तन गायक दलों के साथ गुरु नानक देव जी की महिमा का गुणगान करते नजर आए।
इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु नानक पुरा के मुख्य सेवादार स. हरजीत सिंह सच्चर, स. जसपाल सिंह कोहली, स. अमरजीत सिंह आनंद ने संगत का स्वागत किया।
कार्यक्रम में सिख फेडरेशन के गुरप्रीत सिंह प्रिंस, प्रभात फेरी इंचार्ज अमरजीत सिंह साहनी, परमजीत सिंह चंडोक, अमरपाल सिंह, जगमोहन सिंह, कुलविंदर चड्ढा, अमरजीत सेठी, इस्त्री सत्संग सभा, गुरु सिंह सभा गुरुनानकपुरा के जत्थे, रिंकल चंडोक, अमरजीत सिंह आनंद, रणजीत आनंद, अमरीक सिंह, सुरजीत चड्ढा, जसबीर गोल्डी, बलवंत सिंह, दलीप सिंह, चरणजीत सेठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के मुख्य सेवादार श्री वीरेंद्र सिंह चड्ढा ने समस्त सिख संगठनों और श्रद्धालुओं से इस महान गुरु पर्व पर अधिक से अधिक सेवा, सहयोग और भागीदारी का आह्वान किया।
“नाम जपो, किरत करो, वंड छको” — गुरु नानक देव जी के उपदेश आज भी प्रासंगिक
संगत ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता को समानता, सत्य और सेवा का संदेश दिया था। आज जरूरत है कि हम उनके बताये नाम जपो, किरत करो, वंड छको के मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम और भाईचारे का वातावरण बनाएं।




