Uttarakhand city news lalkuan
लालकुआं विधानसभा से कांग्रेस में नई हलचल — समाजसेवी प्रमोद कालौनी ने दिखाई 2027 की तैयारी
तीन दशक से अधिक समय से जनसेवा में सक्रिय प्रमोद कालौनी अब कांग्रेस से चुनावी मैदान में उतरने को तैयार
बिंदुखत्ता/लालकुआं,
उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। जहां एक ओर भाजपा के नेता संगठनात्मक मजबूती में जुटे हैं, वहीं कांग्रेस खेमे में भी संभावित उम्मीदवारों की दावेदारी के संकेत मिलने लगे हैं। इसी कड़ी में बिंदुखत्ता के वरिष्ठ समाजसेवी प्रमोद कालौनी ने कांग्रेस से लालकुआं विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।
सोशल मीडिया में प्रमोद कालौनी ने कहा कि “जनता के सहयोग और आशीर्वाद से मैं लालकुआं क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी तरह समर्पित हूं।”
उनके इस ऐलान के बाद क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों में नई हलचल मच गई है।
तीन दशक की जनसेवा से बनी पहचान
प्रमोद कालौनी का सामाजिक और राजनीतिक सफर समर्पण और संघर्ष की मिसाल रहा है।
1986 में उन्होंने क्षेत्रीय भूमिहीन संगठन समिति के अध्यक्ष के रूप में जनसरोकारों की अलख जगाई। इसके बाद 1990 में वे केंद्रीय भूमिहीन संगठन समिति के सदस्य बने और भूमिहीनों के अधिकारों की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाई।
1999 में लालकुआं दुग्ध संघ के डायरेक्टर निर्वाचित हुए और 2002 में पुनः उसी पद पर निर्विरोध चुने गए। किसानों और दुग्ध उत्पादकों के बीच मजबूत सेतु बनकर उन्होंने संगठन को नई दिशा दी।
राजनीतिक जीवन में आगे बढ़ते हुए उन्होंने 2008 में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिंदुखत्ता के महामंत्री, 2010 में भूमिहीन संघर्ष समिति के संगठन मंत्री, और 2011 में कांग्रेस जिला प्रवक्ता के रूप में कार्य किया।
2018 में वे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बने और वर्तमान में 2023 से जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
कांग्रेस खेमे में नई ऊर्जा
बिंदुखत्ता क्षेत्र में प्रमोद कालौनी की दावेदारी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है। उनकी ईमानदार छवि, संगठनात्मक अनुभव और जनसंपर्क की गहरी पकड़ उन्हें पार्टी का मजबूत चेहरा बना रही है।
सोशल मीडिया पर भी समर्थकों ने उनके समर्थन में अभियान शुरू कर दिया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रमोद कालौनी की सक्रियता से लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में भाजपा-कांग्रेस के बीच नई सियासी जंग होगी।
भाजपा-कांग्रेस दोनों में बढ़ी हलचल
जहां भाजपा के नेता दिपेंद्र कोश्यारी ने हाल ही में जन्मदिन समारोह के दौरान अपनी संभावित दावेदारी के संकेत दिए थे, वहीं अब कांग्रेस से प्रमोद कालौनी की दावेदारी दिलचस्प होती दिख रही है।
दोनों ही दलों में कार्यकर्ता अब से ही 2027 के चुनावी अभियान की रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं।

