लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा रेल हादसा, युवक गिरफ्तार
हल्द्वानी-: बनबसा-टनकपुर रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक पर लोहे का एंगल रखने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक युवक को गिरफ्तार किया है जहां उसे न्यायालय में पेश किया गया जिस पर आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार 13 मार्च को इज्जतनगर कंट्रोल से सूचना मिली कि बनबसा स्टेशन के पास किलोमीटर संख्या 59/05-06 पर रेलवे ट्रैक पर लोहे का एंगल पाया गया है। सूचना पर आरपीएफ पोस्ट टनकपुर की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि ट्रेन संख्या 55322 के लोको पायलट ने ट्रैक पर रखे लोहे के एंगल को हटाकर स्टेशन मास्टर बनबसा को सौंप दिया था।
घटनास्थल के आसपास जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आमिर खान (32) पुत्र अनवर निवासी मनिहार गोठ, कोतवाली टनकपुर, जिला चंपावत बताया।
आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे के लिए चोरी करता है। उसने गांव से दो लोहे के एंगल चोरी किए थे और उन्हें काटने के लिए रेलवे ट्रैक पर रख दिया था ताकि ट्रेन गुजरने पर वे छोटे टुकड़ों में कट जाएं।
प्रभारी निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल टनकपुर रणदीप कुमार ने बताया कि लोको पायलट की सतर्कता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।




