हल्द्वानी में सतर्कता विभाग की बड़ी कार्रवाई, उद्यान निरीक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार
हल्द्वानी। सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के एक ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी बादल पाण्डे पर 12 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से आम के पेड़ खरीदे हैं, जिनको काटने की अनुमति उद्यान विभाग से लेनी आवश्यक है। आरोप है कि इस प्रक्रिया के लिए ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे ने 16 पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के एवज में 12,000 रुपये की मांग की।
शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक ट्रैप टीम का गठन किया गया।
गुरुवार को ट्रैप टीम ने किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र में जाल बिछाकर आरोपी को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।




