उत्तराखण्ड

(लालकुआँ) युवक की आत्महत्या प्रकरण,सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आत्महत्या, परिजनों ने दी तहरीर।।

लालकुआँ में युवक की आत्महत्या, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से था परेशान
लालकुआँ
लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र के बिन्दुखत्ता स्थित रावत नगर प्रथम में एक युवक द्वारा कथित रूप से मानसिक उत्पीड़न के चलते आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, रावत नगर प्रथम निवासी दीपक सिंह का एक वीडियो गांव के ही कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया गया। आरोप है कि किशन सिंह, जनक चन्द्र और बलवन्त सिंह द्वारा उक्त वीडियो फेसबुक स्टेटस एवं ग्रुप्स में प्रसारित किया गया, जिससे दीपक सिंह मानसिक तनाव में आ गए।
परिजनों के मुताबिक, जब दीपक सिंह ने संबंधित लोगों से वीडियो हटाने का अनुरोध किया, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और वीडियो को और अधिक फैलाने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, गांव की कुछ महिलाओं द्वारा भी उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और वीडियो बनाया गया, जिससे उनकी मानसिक स्थिति और बिगड़ गई।
लगातार मानसिक दबाव और सामाजिक अपमान से आहत होकर दीपक सिंह ने 29 मार्च 2026 को जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिवार शोक में डूब गया और अंतिम संस्कार सहित अन्य पारिवारिक कारणों से तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी जा सकी।
अब मृतक के भाई परवीन सिंह मेहता ने कोतवाली लालकुआँ में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

To Top