चमोली: नाबालिग छात्राओं से यौन शोषण के आरोप में अतिथि प्रवक्ता यूनुस अंसारी गिरफ्तार, अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त
चमोली। राजकीय इंटर कॉलेज गौणा में नाबालिग छात्राओं से यौन शोषण और छेड़छाड़ के गंभीर आरोपों में घिरे अतिथि प्रवक्ता यूनुस अंसारी को चमोली पुलिस ने शिकायत दर्ज होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिकी दर्ज होने के केवल 12 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से दबोच लिया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया है।
मामला दशोली विकासखंड के अंतर्गत स्थित राजकीय इंटर कॉलेज गौणा का है। मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली को शिकायत मिलने के बाद जांच और विभागीय प्रक्रिया के तहत आरोपी अतिथि शिक्षक (प्रवक्ता–राजनीति विज्ञान) यूनुस अंसारी पुत्र स्व. शब्बीर अहमद के विरुद्ध पोक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी श्रीकांत पुरोहित ने बताया कि प्रकरण अत्यंत गंभीर होने के कारण विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज गौणा द्वारा आरोपी शिक्षक का अतिथि प्रवक्ता के रूप में किया गया अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने कहा है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और पीड़ित छात्राओं के बयान भी प्रक्रिया के अनुसार दर्ज किए जा रहे हैं।




