रुद्रपुर में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, गैंगवार से पहले शूटर गिरफ्तार
रुद्रपुर। उत्तराखण्ड एसटीएफ और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगवार की संभावित घटना को टाल दिया। पुलिस ने एक शातिर अपराधी को तीन लोडेड तमंचों और 11 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सन्दीप चौहान उर्फ सनिया (26) पुत्र तेजपाल चौहान निवासी मलिक फार्म, डिबडिबा थाना बिलासपुर, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी दूसरे गैंग के साथ चल रही आपसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। एसटीएफ को इसकी सटीक सूचना मिलने पर टीम ने रुद्रपुर थाना पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसके कुछ साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस के अनुसार सन्दीप चौहान अपने गैंग के साथ प्रतिद्वंद्वी पक्ष की हत्या की योजना बना रहा था और मौका मिलते ही उन पर गोली चलाने की तैयारी में था। एसटीएफ की सक्रियता और सटीक मुखबिरी के चलते बड़ी वारदात होने से पहले ही उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से तीन अवैध .315 बोर के तमंचे और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, बलवा और आर्म्स एक्ट सहित करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह रामपुर और ऊधमसिंह नगर में दर्ज हत्या के प्रयास (धारा 307) के मामलों में भी फरार चल रहा था।
एसटीएफ अब आरोपी से पूछताछ कर उसके गैंग और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।




