आईआईटी रूड़की आयोजित करेगा JEE एडवांस्ड 2026, 17 मई को होगी परीक्षा
नई दिल्ली/रूड़की। देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE Advanced) 2026 का आयोजन इस वर्ष आईआईटी रूड़की द्वारा किया जाएगा। यह परीक्षा 17 मई 2026 (रविवार) को देश के विभिन्न शहरों और कुछ विदेशी केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी।
दो पेपर में होगी परीक्षा

JEE एडवांस्ड 2026 में दो पेपर (पेपर-1 और पेपर-2) होंगे। दोनों पेपर तीन-तीन घंटे के होंगे और इनमें भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित से प्रश्न पूछे जाएंगे।
पेपर-1: सुबह 9:00 बजे से 12:00 बजे तक
पेपर-2: दोपहर 2:30 बजे से 5:30 बजे तक
दोनों पेपर देना सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य होगा। प्रश्न हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेंगे।
इन संस्थानों में मिलेगा प्रवेश
JEE एडवांस्ड के आधार पर देश के सभी आईआईटी और आईआईएससी बेंगलुरु के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं –
4 वर्षीय कार्यक्रम: बीटेक, बीएस
5 वर्षीय कार्यक्रम: बीआर्क
ड्यूल डिग्री: बीटेक-एमटेक, बीएस-एमएस, बीटेक-एमबीए
इंटीग्रेटेड मास्टर्स: एमटेक, बीएस-एमएस
पात्रता के प्रमुख नियम
JEE एडवांस्ड 2026 में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को निम्न शर्तें पूरी करनी होंगी –
JEE Main 2026 में बीई/बीटेक पेपर के टॉप 2.5 लाख अभ्यर्थियों में शामिल होना जरूरी है।
अभ्यर्थी का जन्म 1 अक्टूबर 2001 या उसके बाद होना चाहिए (SC/ST/PwD को 5 वर्ष की छूट)।
अधिकतम दो बार और लगातार दो वर्षों में ही JEE एडवांस्ड देने की अनुमति है।
अभ्यर्थी ने कक्षा 12वीं पहली बार 2025 या 2026 में दी हो।
पहले किसी आईआईटी में प्रवेश स्वीकार नहीं किया हो।
प्रवेश के लिए 12वीं में जरूरी अंक
JEE एडवांस्ड में सफल होने के बाद प्रवेश के लिए उम्मीदवार को निम्न में से एक शर्त पूरी करनी होगी –
कक्षा 12वीं में कम से कम 75% अंक (SC/ST/PwD के लिए 65%)
या
अपने बोर्ड के टॉप 20 पर्सेंटाइल में होना।
पंजीकरण शुल्क
भारत में परीक्षा के लिए पंजीकरण शुल्क:
महिला उम्मीदवार (सभी वर्ग): ₹1600
SC/ST/PwD: ₹1600
अन्य उम्मीदवार: ₹3200
ऑनलाइन होगा पंजीकरण
JEE एडवांस्ड 2026 के लिए योग्य घोषित अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण, दस्तावेज अपलोड और शुल्क भुगतान करना होगा।
सीट आवंटन प्रक्रिया
JEE एडवांस्ड में योग्य उम्मीदवारों को प्रवेश के लिए JoSAA (जॉइंट सीट एलोकेशन अथॉरिटी) 2026 की काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेना होगा, जिसमें वे अपनी पसंद के कोर्स और संस्थान का चयन कर सकेंगे।




