पशुओं के लिए चारा उपलब्धता बढ़ाने पर जोर,अजोला पिनाटा, नेपियर घास व सहजन को बढ़ावा देने के निर्देश।
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की पहल,पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उन्नत चारा पर जोर,डीएम ने दिए अहम निर्देश।
उत्तरकाशी -: जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए पशुओं के लिए गुणवत्तापूर्ण चारा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले में पशुपालकों को उन्नत चारा उपलब्ध कराने के लिए अजोला पिनाटा,नेपियर घास और सहजन जैसे पौष्टिक चारा विकल्पों को बढ़ावा दिया जाए। तथा इसे अगली वित्तीय वर्ष की कार्य योजना में शामिल किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए संतुलित और पौष्टिक चारा अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए विभाग गांव स्तर पर अजोला पिनाटा,नेपियर के निर्माण को प्रोत्साहित करे तथा पशुपालकों को इसके लाभ और उत्पादन की विधि के बारे में जागरूक करें। उन्होंने नेपियर घास और सहजन जैसे उच्च पोषक तत्वों से भरपूर चारा पौधों के अधिक से अधिक रोपण और उत्पादन पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन विकल्पों को बढ़ावा देने से पशुपालकों को सस्ता और पौष्टिक चारा उपलब्ध होगा, जिससे पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा और दुग्ध उत्पादन में भी वृद्धि होगी। साथ ही इससे पशुपालकों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
बैठक में मुख्य पशुचिकित्साधिकारी एचएस बिष्ट, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अतुल आनद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




