होली पर मिलावटखोरों पर शिकंजा, 50 किलो लावारिस मावा जब्त
हल्द्वानी। होली के त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरों की सक्रियता बढ़ने की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। होली ग्राउंड के पास स्थित टैक्सी पार्किंग क्षेत्र से करीब 50 किलो से अधिक लावारिस मावा बरामद किया गया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय सिंह रावत ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट रोकने के लिए लगातार छापेमारी और सैंपलिंग की जा रही है। मिठाई की दुकानों के साथ-साथ अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से भी नमूने लिए जा रहे हैं। इसी दौरान सूचना मिली कि टैक्सी पार्किंग में एक कट्टे में संदिग्ध मावा रखा हुआ है। मौके पर पहुंची टीम ने पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी मावे पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद टीम ने मावा को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि मावा कहां से आया और किसे सप्लाई किया जाना था।
इसके अतिरिक्त रोडवेज स्टेशन पर भी कार्रवाई की गई, जहां एक बस से करीब एक कुंतल मावा बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि उक्त मावा बरेली से लाया गया था और उसका बिल भी प्रस्तुत किया गया। विभाग ने मावे के नमूने लेकर उसे माल स्वामी को सुपुर्द कर दिया है। यदि जांच में नमूना फेल पाया जाता है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय सिंह और नंदकिशोर सहित विभागीय टीम मौजूद रही। विभाग ने त्योहार के दौरान मिलावटखोरों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।




