उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य को संवारने की दिशा में ग्राफिक एरा की बड़ी पहल
गरीब परिवारों के बच्चों को इंजीनियरिंग डिप्लोमा, होटल मैनेजमेंट और सिविल सेवा की तैयारी मुफ्त
हल्द्वानी।
व्यावसायिक शिक्षा और प्लेसमेंट के क्षेत्र में कई कीर्तिमान स्थापित करने वाला ग्राफिक एरा समूह उत्तराखंड के युवाओं के लिए इस शैक्षणिक सत्र से एक बड़ी पहल शुरू करने जा रहा है। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनसाला ने आज इसकी घोषणा की।
उन्होंने बताया कि इस सत्र से राज्य के गरीब परिवारों के बच्चों को इंजीनियरिंग डिप्लोमा और होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण मुफ्त दिया जाएगा। इसके साथ ही उत्तराखंड के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं (सिविल सर्विस) की तैयारी के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. घनसाला ने कहा कि बीएससी (ऑनर्स) फिजिक्स की छात्रा मीनल नेगी का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन यह साबित करता है कि उत्तराखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। मीनल नेगी ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में 66वीं रैंक हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है।
उन्होंने बताया कि टिहरी जिले के डोबरा महाड़ गांव की रहने वाली मीनल नेगी एक उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक की बेटी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से तैयारी कर यह सफलता हासिल की और उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं।
इसी तरह ग्राफिक एरा के भीमताल कैंपस की बीटेक सिविल इंजीनियरिंग की छात्रा कर्णिका नेगी ने इंडियन इंजीनियरिंग सर्विस (IES) में 152वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्लेसमेंट के क्षेत्र में भी ग्राफिक एरा के छात्रों ने उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं।
भीमताल कैंपस के गुंजन भनवाल को Atlassian में ₹66.01 लाख वार्षिक पैकेज मिला।
विभा चंदोला को Google में ₹54.84 लाख का पैकेज मिला।
सानिया पांडे, मुकेश नेगी और शैलेश रौतेला को Amazon में ₹47.88 लाख का पैकेज प्राप्त हुआ।
करण मटियाली और मयंक जोशी को Visa में ₹32.88 लाख का पैकेज मिला।
हल्द्वानी कैंपस की नेहा भट्ट को Atlassian में ₹61.99 लाख का पैकेज मिला।
डॉ. घनसाला ने बताया कि राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए देहरादून और हल्द्वानी में प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा, जो गरीब परिवारों के युवाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के कई युवा बिना प्रशिक्षण के होटल उद्योग में प्रवेश करते हैं, जिसके कारण उन्हें शुरुआती स्तर से काम शुरू करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए देहरादून और हल्द्वानी में एक वर्षीय होटल मैनेजमेंट कोर्स मुफ्त कराया जाएगा, जिसमें इंडस्ट्री ट्रेनिंग भी शामिल होगी। इसके बाद युवा होटल उद्योग में बेहतर स्तर से अपने करियर की शुरुआत कर सकेंगे।
इसके साथ ही युवाओं को यह प्रशिक्षण भी दिया जाएगा कि वे गढ़वाल और कुमाऊं के गांवों में खाली पड़े घरों को होमस्टे के रूप में विकसित कर अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
डॉ. घनसाला ने बताया कि ग्राफिक एरा अपनी दो विश्वविद्यालयों, चार कैंपस और एक मेडिकल कॉलेज के माध्यम से देहरादून, भीमताल और हल्द्वानी में विश्वस्तरीय शिक्षा प्रदान कर रहा है। आर्थिक कारणों से जो छात्र उच्च तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा से वंचित रह जाते हैं, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए यह नई पहल शुरू की जा रही है।
इस योजना के तहत देहरादून और भीमताल के विश्वविद्यालयों में कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्स मुफ्त कराए जाएंगे। इन कोर्स में चयनित छात्रों को केवल अपनी रहने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।
प्रेस वार्ता के दौरान ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी कैंपस के निदेशक डॉ. मनोज लोहानी, भीमताल कैंपस के निदेशक प्रोफेसर (कर्नल) ए. के. नायर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।




