देहरादून। उत्तराखण्ड अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग के अंतर्गत मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) के एक रिक्त पद पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। यह पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। भर्ती प्रक्रिया के लिए विज्ञापन संख्या A-1/DR(CFO)/S-1/2026 जारी करते हुए पात्र अभ्यर्थियों से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.uk.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

विज्ञापन के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 17 मार्च, 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 06 अप्रैल, 2026 रात्रि 11:59:59 बजे तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन का अवसर 15 अप्रैल से 24 अप्रैल, 2026 तक दिया जाएगा।
इसके अलावा, ऑनलाइन आवेदन पत्र की प्रिंट आउट प्रति आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेजों के साथ 11 मई, 2026 सायं 6:00 बजे तक जमा करनी होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दिए गए सभी नियमों और निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन अवश्य कर लें।




