लालकुआं में विशाल निःशुल्क मल्टी स्पेशलिस्ट स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 300 से अधिक मरीजों की जांच .
लालकुआं। नगर के होली ट्रिनिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित विशाल निःशुल्क मल्टी स्पेशलिस्ट स्वास्थ्य शिविर को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस शिविर का आयोजन परवेज अहमद डायरेक्टर चंदन हॉस्पिटल के सहयोग से से किया गया। शिविर में 300 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 250 से अधिक लोगों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। इसमें जनरल फिजिशियन, छाती एवं श्वसन रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, न्यूरो फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, मूत्र रोग विशेषज्ञ, गुर्दा रोग विशेषज्ञ एवं प्लास्टिक सर्जन शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेंचुरी पल्प एंड पेपर के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर नगर के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने स्वयं भी शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण कराया और डॉक्टरों से बातचीत की। उन्हें देखकर लोगों में भी स्वास्थ्य जांच को लेकर जागरूकता बढ़ी और बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे।
इस मौके पर मिल प्रबंधन के अधिकारियों की भी उपस्थिति रही। सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि मिल प्रबंधन द्वारा हर वर्ष ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जा रहा है और इसके लिए नर्सरी स्थापित की गई हैं।
मेगा हेल्थ कैंप के बाद फुर्सत के पल, चंदन हॉस्पिटल के डायरेक्टर परवेज अहमद तथा सेंचुरी पल्प एंड पेपर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा ने इस विशाल मेगा कैंप की सराहना की तथा उन्होंने डॉक्टरों की कर्तव्य परायणता और समर्पण की भी जमकर प्रशंसा की।

विशाल मेगा हेल्थ कैंप का सफल संचालन चंदन हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा अस्पताल के डायरेक्टर परवेज अहमद की देखरेख में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दूरदराज से आए मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।
इस दौरान डॉ. हिमांशु कुमार (मेडिसिन), डॉ. स्वाति पाल (मेडिसिन), डॉ. रजत वर्शनेय (कार्डियोलॉजिस्ट), डॉ. विकास दाधीच (ऑर्थो सर्जन), डॉ. शशांक बंसल (मेडिकल ऑन्कोलॉजी), डॉ. सुमित मंडल (यूरोलॉजिस्ट), डॉ. अदिति सेन (नेफ्रोलॉजिस्ट), डॉ. सारिका गंगवार (प्लास्टिक सर्जन), डॉ. हिमांशु सूर्य (गैस्ट्रो फिजिशियन), डॉ. विजय मित्तल (गैस्ट्रो सर्जन), डॉ. विजेता टपारिया (न्यूरो फिजिशियन), डॉ. राहुल शर्मा (जनरल सर्जन), एवं डॉ. निखत अली अंसारी (गायनेकोलॉजिस्ट) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर में मरीजों के लिए ब्लड टेस्ट, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ईसीजी एवं लंग फंक्शन टेस्ट जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं तथा आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
अस्पताल के डायरेक्टर परवेज अहमद ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य दूरदराज क्षेत्रों के लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। शिविर में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और सभी ने इस पहल की सराहना की।




