एक्रो फेस्टिवल के दौरान बड़ा हादसा टला, SDRF के जांबाज़ों ने झील से जिंदा निकाले दो पैराग्लाइडर पायलट
Uttarakhand City News
टिहरी, 29 जनवरी 2026
टिहरी झील में चल रहे एक्रो फेस्टिवल एवं SIV चैंपियनशिप 2026 के दौरान गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हवा में करतब दिखा रहे दो पैराग्लाइडर अचानक अनियंत्रित होकर सीधे झील में जा गिरे। हजारों फीट की ऊंचाई से पानी में गिरने के बाद कुछ पल के लिए दोनों पायलटों की जिंदगी मानो मौत के साए में आ गई।
लेकिन इससे पहले कि हादसा किसी बड़ी त्रासदी में बदलता, मौके पर पहले से तैनात SDRF की विशेष रेस्क्यू टीम देवदूत बनकर पहुंच गई। सूचना मिलते ही जवानों ने बिना एक सेकंड गंवाए तेज रफ्तार बोट झील में उतारी और लहरों से जूझते हुए सीधे पायलटों तक पहुंचे।
तेज हवाओं और ठंडे पानी के बीच बेहद जोखिम भरे हालात में SDRF जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू इतना त्वरित और सटीक था कि पायलटों को कोई गंभीर चोट तक नहीं आई। बाहर निकालते ही मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने उनका प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यदि रेस्क्यू में कुछ मिनट की भी देरी होती तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकते थे। SDRF की पूर्व तैनाती और तत्परता ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।
टिहरी झील एक बार फिर SDRF के जांबाज़ों की बहादुरी की गवाह बनी, जिन्होंने साबित कर दिया कि आपदा की हर घड़ी में वे जान की बाजी लगाकर भी लोगों की जिंदगी बचाने को तैयार रहते हैं।




