उत्तराखण्ड

इंग्लैंड का शिष्टमंडल पहुंचा नैनीताल दुग्ध संघ, आधुनिक दुग्ध प्लांट में दूध गुणवत्ता का जाना हाल।

एफएओ के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने किया लालकुआं आँचल डेयरी प्लांट का भ्रमण
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की आँचल दुग्धशाला स्थित डेयरी प्लांट का Food and Agriculture Organization (एफएओ) के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने भ्रमण कर यहां की आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण प्रणाली और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। प्रतिनिधिमंडल में United Kingdom (इंग्लैंड) से आए प्रतिनिधि भी शामिल रहे, जिन्होंने संयंत्र की व्यवस्थाओं और सहकारी मॉडल में विशेष रुचि दिखाई।
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने डेयरी प्लांट में दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण तथा विपणन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने टीम को संयंत्र की पूरी कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए बताया कि यहां आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए दुग्ध की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाता है।
एफएओ टीम ने संयंत्र की साफ-सफाई व्यवस्था, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली और दुग्ध प्रसंस्करण की आधुनिक तकनीकों की सराहना की। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को संयंत्र की उत्पादन क्षमता, दुग्ध संग्रहण प्रणाली और किसानों से जुड़े सहकारी ढांचे के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान इंग्लैंड से आए प्रतिनिधियों ने दुग्ध प्रसंस्करण व्यवस्था को करीब से समझा और किसानों से जुड़े सहकारी मॉडल को प्रभावी बताते हुए इसकी सराहना की। साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और दुग्ध उत्पादकों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर पशु आहार निर्माणशाला के सामान्य प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौहान, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी कारखाना प्रबंधक धर्मेन्द्र सिंह राणा, प्रभारी अभियंत्रण राजू दुम्का, प्रभारी गुणवत्ता नियंत्रण आर.सी. आर्या, प्रभारी एमआईएस कमलेश कुमार, हेमंत पाल, विपिन तिवारी और कमल गरवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Ad
To Top