देहरादून। राज्य में मानसून की दस्तक के बाद भूस्खलन और नदियों में जलस्तर बढ़ने से आपदा संकट गहराने लगा है। गुरुवार सुबह केदारनाथ धाम के दर्शन कर पैदल वापस आते तीर्थयात्रियों के ऊपर पहाड़ से पत्थर गिरने से एक की मृत्यु हो गई,जबकि अन्य तीन घायल हो गये हैं।
वही गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के स्थान स्वारि गाड से 400 मीटर आगे आंध्र प्रदेश के एक तीर्थयात्री बी बालाजी पुत्र श्री राधाकृष्णन उम्र-59 वर्ष निवासी पिलेर की पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण यात्री की सिर पर चोट लगी है। जिसकी प्राथमिक स्वाथ्य केंद्र, भटवाड़ी लाते समय रास्ते मे ही मृत्यु हुई है घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे मोर्चरी में रख दिया है ।
रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार और राज्य आपदा मोचन बल की प्रवक्ता ललिता नेगी ने अलग-अलग बताया कि सोनप्रयाग-गौरीकुंड के मध्य श्री केदारनाथ के दर्शन कर पैदल वापस लौट रहे यात्रियों पर अचानक बोल्डर गिर गया। इससे राजस्थान के बांसवाड़ा निवासी जयंती लाल खेतरा (50) की मृत्यु हो गई।
इसके अलावा तीन व्यक्ति जिनमें मयूरी अहमदाबाद (गुजरात), अवन सिंह पुत्र मीर सिंह निवासी सुरहती, (हरियाणा) तथा विकास पुत्र वीरचंद्र, नेपाल घायल हो गए। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र सोनप्रयाग भेजा है, जबकि मृतक के शव को मोर्चरी में रखा गया है।




