देहरादून। राज्य में खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए धन सिंह रावत ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) को 15 दिन का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को विभाग की वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान खाद्य नमूनों की जांच के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जाएं।
स्वास्थ्य मंत्री ने विशेष रूप से चार धाम यात्रा मार्ग पर खाद्य मिलावट रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने विभाग को व्यापारियों और होटल संचालकों के सहयोग से सेमिनार आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि मिलावट के खिलाफ जागरूकता बढ़ाई जा सके। साथ ही, चार धाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
बैठक में सचिव सचिन कुर्वे, महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. सुनीता टम्टा, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. ए.के. आर्य, निदेशक स्वास्थ्य डॉ. शिखा जंगपांगी, चार धाम नोडल अधिकारी डॉ. सुजाता, अपर आयुक्त एफडीए ताजबर सिंह जग्गी और उप आयुक्त एफडीए गणेश कांडवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




