वरिष्ठ साहित्यकार टीका प्रसाद गोला का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
रामनगर-: वरिष्ठ पत्रकार चंचल गोला के पिता, प्रख्यात साहित्यकार एवं प्रकाशक टीका प्रसाद गोला का मंगलवार को निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।
बताया गया कि शनिवार देर शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान हृदयघात से उन्होंने अंतिम सांस ली।
टीका प्रसाद गोला लेखक और कवि होने के साथ-साथ पिछले 28 वर्षों से ‘ज्ञान-विज्ञान’ पुस्तक का निरंतर प्रकाशन कर रहे थे। वे साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे और साहित्यिक अकादमी से भी जुड़े रहे। सामाजिक सरोकारों में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसके चलते वे क्षेत्र में सम्मानित व्यक्तित्व माने जाते थे।
वे अपने पीछे धर्मपत्नी विमलेश गोला तथा तीन पुत्र—नीरज गोला, चंचल गोला और पियूष गोला सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
उनके निधन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।




