भाजपा नेता मनोज परिहार का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
लालकुआं-: बिंदुखत्ता के लोकप्रिय नेता एवं भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री मनोज परिहार का स्वास्थ्य खराब होने के चलते आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और राजनीतिक व सामाजिक जगत में गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।
स्वर्गीय परिहार की अंतिम यात्रा मंगलवार सुबह 11 बजे उनके बिंदुखत्ता स्थित आवास से निकाली गई। उनकी पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट ले जाया गया, जहां सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी, पार्टी कार्यकर्ता और परिजन मौजूद रहे। नम आंखों से सभी ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
मनोज परिहार एक प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखते थे और अपनी मिलनसार एवं सहृदय छवि के लिए जाने जाते थे। वे अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार में उनकी पत्नी, जो शिक्षिका हैं, और एक पुत्री हैं। उनके छोटे भाई पूरन परिहार राज्य आंदोलनकारी के रूप में सक्रिय हैं, जबकि उनकी भतीजी कंचन परिहार उत्तराखंड की वरिष्ठ महिला क्रिकेट खिलाड़ी हैं।
भाजपा संगठन में मंडल महामंत्री के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार वे हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते थे।




