खटीमा -: जनता को बेहतर प्रशासन देने को लेकर राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत मुख्य विकास अधिकारी, ऊधमसिंह नगर ने विकास खण्ड खटीमा के ग्राम ढाकी में रात्रि चौपाल में पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुना और उनका मौके पर ही निस्तारण किया ।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा ने ग्रामवासियों से उनकी आजीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य, आदि के विषय में विस्तारपूर्वक चर्चा की एंव उनकी समस्याओं को भी सुना तथा कुछ समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। रात्रि चौपाल में दौरान उन्होंने आजीविका संसाधनों के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण सुझाव किसानों को दिए। उन्होंने शिक्षा तथा स्वास्थ्य के बारे में भी विस्तार से चर्चा की।
चौपाल में ग्रामवासियों द्वारा प्रमुखता से ग्राम दाह एंव मजगमी के बीच परवीन नदी पर पुल निर्माण की मॉग की गयी, जिससे उत्तराखण्ड से उनकी प्रत्यक्ष सम्बद्धता स्थापित हो सके। वर्तमान में ढाकी के ग्रामवासियों को उत्तराखण्ड के अन्य क्षेत्रों तक पहुँचने हेतु उत्तर प्रदेश से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामवासियों की दूसरी मांग है कि ग्राम दाह एंव ढाकी को ग्राम पंचायत मझोला से अलग कर पृथक ग्राम पंचायत का गठन किया जाये। इसके अतिरिक्त ग्रामवासियों नें गॉव की भूमि की नदियों द्वारा कटाव से सुरक्षा, गाँव की सडकों की मरम्मत, प्राथमिक विधालय ढाकी की चाहर दिवारी के निर्माण, गाँव में जल की गुणवत्ता की जाँच, गॉव में जंगली जानवरों से फसल एवं जनमानस की सुरक्षा की मांग की गयी। ग्रामवासियों की समस्या एंव मांगो को सुनने के उपरान्त मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को ग्राम वासियों की उक्त समस्याओं के प्रभावी निस्तारण तथा गाँव के विकास हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार कराकर आवश्यक कार्यवाही कराने के निर्देश दिये ।
रात्रि चौपाल के दौरान उप जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह बिष्ट, खण्ड विकास अधिकारी असीत आनंद,तहसीलदार खटीमा, नायब तहसीलदार खटीमा, पूर्ति निरीक्षक खटीमा, सहायक समाज कल्याण अधिकारी खटीमा, आदि अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित थे।




