हरिद्वार
हरिद्वार में पुलिस की सख्ती के बावजूद कुछ लोग सार्वजनिक तौर पर और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने से बाज नहीं आ रहे हैं. ताजा घटना में एक मनोनीत पार्षद ने अपनी ही शादी के दौरान खुशी में अपनी लाइसेंसी रायफल से फायरिंग कर दी। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ज्वालापुर पुलिस ने बीजेपी पार्षद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने राइफल और लाइसेंस जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार हरिद्वार विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के करीबी रहे भाजपा नेता बाबर खान के पुत्र मनोनीत पार्षद हारून खान की दो दिन पहले शादी हुई थी. शादी से एक दिन पहले हारून ने समारोह के दौरान अपने आवासीय परिसर में लाइसेंसी रायफल से हवा में कई राउंड फायरिंग की थी. घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ज्वालापुर थाना निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि आरोपी हारून खान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. राइफल और लाइसेंस भी जब्त कर लिया गया है जबकि रद्द करने की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है।




