बरेली
इज्जतनगर मंडल द्वारा माल गाड़ियों की गति में वृद्वि के साथ-साथ माल लदान के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। रेल प्रणाली पर माल परिवहन का आकर्षित करने के लिये मंडल पर गठित बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बी.डी.यू.) के विशेष विपणन प्रयासों के आशातीत परिणाम मिल रहे हैं। इज्जतनगर मंडल ने माह अक्टूबर, 2020 में 0.159 मिलियन टन माल लदान कर सर्वकालिक रिकाॅर्ड बनाया है। यह अक्टूबर 2019 की तुलना में दोगुने से भी अधिक है।

इसी प्रकार विभिन्न माल गोदामों से माह अक्टूबर, 2020 में लगभग 97 (96.5) रेको का लदान अभी तक सर्वोत्तम प्रदर्शन है। माल लदान से प्राप्त रेल राजस्व रू. 21.70 करोड़ अभी तक का द्वितीय सर्वोत्तम रिकाॅर्ड है। यह अक्टूबर 2019 की तुलना में दोगुने से भी अधिक है।
अक्टूबर, 2020 में 23 एन.एम.जी. रेकों का लदान भी अभी तक किसी माह का सर्वोत्तम उच्चस्तर है। माह सितम्बर, 2020 में 19 रेकों का लदान हुआ था। एक माह में ही माल लदान में चार रेकों की वृद्वि स्वयं में सराहनीय उपलब्धि है। वित्त वर्ष 2020-21 में माह अक्टूबर तक कुल 63 रेकों में माल लदान हुआ जो गत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 13 रेक अधिक है। इसी परिप्रेक्ष्य में उल्लेखनीय है कि इज्जतनगर मंडल में 31 अक्टूबर, 2020 को मालगाड़ी लगभग 64 (63.82) कि.मी. प्रति घंटे की रफ्तार से चलायी गयी।
इज्जतनगर मंडल को माल परिवहन हेतु नए लदान के मद में आटो मोबाइल, चीनी आदि रेल परिवहन सुविधा पर लाने में सफलता मिली है। मंडल के विभिन्न माल गोदामों में सुविधाओं में वृद्धि करने तथा उन्हें सुदृढ़ करने से व्यापारी एवं उद्योग समूहों का रुझान बढ़ाने में आशातीत बढ़ोत्तरी हुई है।




