अगस्तमुनि में लापता 4 वर्षीय मासूम का शव बरामद, SDRF का सर्च ऑपरेशन सफल
रुद्रप्रयाग जनपद के अगस्तमुनि क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। बीते दिनों से लापता चल रहे 4 वर्षीय बालक का शव SDRF टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, बालक के लापता होने की सूचना मिलते ही State Disaster Response Force (SDRF) की टीम तत्काल सक्रिय हो गई। SDRF पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में टीम को बडम गांव के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचकर SDRF ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए दुर्गम पहाड़ी इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और जोखिम भरे रास्तों के बावजूद टीम ने लगातार तलाशी अभियान जारी रखा।
लगातार प्रयासों के बाद टीम को गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर ऊपरी पहाड़ी क्षेत्र में बालक का शव बरामद हुआ। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।




