कालाढूंगी में सनसनी: कार सवार को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
नैनीताल, 1 अप्रैल 2026: कालाढूंगी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को ट्रैक्टर सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 31 मार्च की रात करीब 9:30 बजे लच्छमपुर निवासी हिमांशु देऊपा अपने साथियों के साथ चकलुवा स्थित एक ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रतापपुर निवासी प्रवीण सिंह देऊपा ने पुरानी रंजिश के चलते ट्रैक्टर से उनकी कार पर बार-बार टक्कर मार दी। इस हमले में हिमांशु और उनके साथी घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कालाढूंगी कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी।
आखिरकार 1 अप्रैल को पुलिस ने नैनीताल मार्ग से आरोपी प्रवीण सिंह देऊपा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और एक अवैध 315 बोर तमंचा बरामद किया गया। अवैध असलहा रखने के मामले में आरोपी के खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच खनन सामग्री को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, जिसने इस हिंसक रूप ले लिया।
एसएसपी नैनीताल ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी और ऐसे मामलों में कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




