25 साल बाद लीला का घर रोशनी से जगमग
अल्मोड़ा। ग्राम कारखेत निवासी लीला देवी के घर में 25 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बिजली पहुंच गई। सोशल मीडिया के माध्यम से यह मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए थे। इसके क्रम में शनिवार को विद्युत विभाग के समन्वय से लीला देवी के आवासीय भवन में बिजली कनेक्शन स्थापित करा दिया गया। लीला देवी पत्नी स्व. बिहारी राम लंबे समय से विद्युत सुविधा से वंचित थी और बीते कई वर्षों से इसके लिए विभिन्न सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रही थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया था। मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आने के बाद त्वरित काय्रवाही सुनिश्चित की गई और वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकी। बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए जाने के साथ ही ठंड के मौसम को देखते हुए प्रशासन की ओर से लीला देवी को सर्दी से बचाव के लिए कंबल भी वितरित किया गया। प्रशासन की इस पहल से लाभार्थी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।




