रील बनाने के चक्कर में युवकों पर कार्रवाई, कलियर पुलिस ने काटा चालान
कलियर (हरिद्वार), 10 अप्रैल
सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए यातायात नियमों की अनदेखी करना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। धनौरी तिरछा पुल के बीच सड़क पर गाड़ी पर बैठकर वीडियो बना रहे युवकों के खिलाफ कलियर पुलिस ने कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, कुछ युवक बीच सड़क पर वाहन रोककर उस पर बैठकर रील बना रहे थे, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था और हादसे का खतरा भी बना हुआ था। सूचना मिलने पर कोतवाली कलियर पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को तुरंत वहां से हटाया।
पुलिस ने युवकों को सख्त हिदायत देते हुए उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की। साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क को स्टूडियो न बनाएं और अपनी व दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का पालन करें।




