Uttarakhand city news dehradun तेज रफ्तार इनोवा का कहर, एक की मौत, तीन घायल
देहरादून। राजधानी के डालनवाला क्षेत्र में गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने जमकर कहर बरपाया। लापरवाही से वाहन चलाते हुए चालक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना 19 मार्च 2026 को शाम करीब 7:30 बजे की है। इनोवा कार (UK07DF1795) के चालक गुनीत सिंह ने डीएल कट से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले डीएल रोड पर एक कार को टक्कर मारी। इसके बाद वह भागते हुए एक स्कूटी और मोटरसाइकिल से जा टकराया, जिससे स्कूटी सवार राहुल और बाइक सवार रोहित फिलिप्स व उनका पुत्र अनुज फिलिप्स गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। राहुल को प्राथमिक उपचार के बाद मैक्स हॉस्पिटल रेफर किया गया, जबकि रोहित और अनुज को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रोहित फिलिप्स की मौत हो गई।
हादसे के दौरान अनियंत्रित इनोवा ने सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और अंततः ओल्ड सर्वे रोड स्थित एक मकान के गेट को तोड़ते हुए अंदर जा घुसी, जिससे घर के भीतर खड़ी गाड़ी और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर वाहन कब्जे में ले लिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




