अन्य

बड़ी खबर(उत्तराखंड)ढाई वर्षों से अनुपस्थित पुलिसकर्मी बर्खास्त, एसएसपी ने विभागीय कार्रवाई पूरी होने के बाद लिया कड़ा फैसला ।।

ढाई वर्षों से अनुपस्थित पुलिसकर्मी बर्खास्त
एसएसपी ने विभागीय कार्रवाई पूरी होने के बाद लिया कड़ा फैसला
देहरादून।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने लगभग ढाई वर्षों से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
पुलिस लाइन देहरादून में तैनात आरक्षी अनिल सिंह को पूर्व में दिनांक 16 अप्रैल 2023 को शांति एवं कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए जनपद चमोली भेजा गया था। निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित न होकर उक्त आरक्षी 65 दिनों तक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहा, जिसके बाद दिनांक 20 जून 2023 को उसका जनपद देहरादून में आगमन कराया गया।
इसके पश्चात 1 सितंबर 2023 को आरक्षी अनिल सिंह पुनः पुलिस लाइन में प्रातःकालीन गणना से अनुपस्थित हो गया और उसके द्वारा आज दिनांक तक अपनी वापसी दर्ज नहीं कराई गई। इस गंभीर प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी लाइन को सौंपी गई थी।
जांच के दौरान आरक्षी के विरुद्ध प्रचलित विभागीय कार्रवाई में उसके द्वारा किसी भी प्रकार का सहयोग नहीं किया गया। विभागीय जांच पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्राधिकारी लाइन द्वारा जांच रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत की गई। सम्यक विचार-विमर्श के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने दिनांक 05 फरवरी 2026 को विभागीय कार्रवाई पर निर्णय लेते हुए आरक्षी अनिल सिंह को पुलिस सेवा से बर्खास्त करने के आदेश जारी किए।

Ad Ad
To Top