भालू के हमले में ग्रामीण घायल, वन विभाग की लापरवाही पर सवाल
भटवाड़ी तहसील के ग्राम रैथल के निवासी श्री हरीश कुमार (पुत्र श्री सुन्दर लाल) पर गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे नलमा नामे तोक क्षेत्र में भालू ने हमला कर दिया। घायल को 108 आपातकालीन सेवा के माध्यम से तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी पहुँचाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ रही है, लेकिन वन विभाग द्वारा समय रहते कोई आवश्यक कार्यवाही नहीं की जा रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले भी ऐसे घटनाक्रम सामने आ चुके हैं, बावजूद इसके वन विभाग द्वारा न तो जागरूकता अभियान चलाया गया और न ही सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाए गए।
इस घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की निगरानी बढ़ाई जाए और प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही घायल व्यक्ति के बेहतर उपचार एवं मुआवजे की मांग भी की गई है।
प्रकरण की जानकारी संबंधित विभागों को भेज दी गई है। फिलहाल वन विभाग की निष्क्रियता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।




