Uttarakhand city news अवैध खनन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो डंपर सीज
रामनगर (नैनीताल), 10 अप्रैल
जनपद में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में रामनगर वन प्रभाग की टीम ने कटियापुल क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान अवैध खनन में संलिप्त दो डंपरों को पकड़कर सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल को प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश आर्य एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन तथा वन क्षेत्राधिकारी रामनगर रेंज के नेतृत्व में कटियापुल क्षेत्र में सघन गश्त और छापेमारी की गई। इस दौरान टीम ने मौके पर अवैध रूप से खनिज खनन करते हुए एक 10 टायरा डंपर और एक 6 टायरा डंपर को पकड़ा।
वन विभाग की टीम ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कटियापुल चौकी में वन अभिरक्षा में सुरक्षित खड़ा कर दिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश आर्य ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस अभियान में वन दरोगा सुरजीत सिंह, बीट अधिकारी जगदीश प्रसाद, वन आरक्षी धीरज कुमार, वन बीट अधिकारी आशुतोष, बीट वॉचर हिमांशु व आकाश तथा वाहन चालक कमलेश शामिल रहे।




