Uttarakhand city news
चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026 में 21 फरवरी को भव्य रोजगार मेला, 5253 पदों पर मिलेगा अवसर
चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव – 2026 के अंतर्गत दिनांक 21 फरवरी 2026 को टनकपुर में एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

जिला सेवायोजन कार्यालय, चम्पावत के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान करेंगी। जारी सूची के अनुसार इस रोजगार मेले में कुल 21 नियोजक कंपनियां प्रतिभाग कर रही हैं तथा विभिन्न क्षेत्रों में कुल 5253 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।

मेले में विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, हेल्थकेयर, फूड प्रोसेसिंग, सर्विस सेक्टर एवं बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी कंपनियां भाग ले रही हैं। इनमें प्रमुख रूप से Tata Motors Limited, HDFC Bank तथा Axis Bank सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं।
रोजगार मेले में फ्रेशर एवं अप्रेंटिस ट्रेनी, प्रोडक्शन ऑपरेटर, मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, टर्नर, सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर हैंडलिंग, हेल्थ एडवाइजर, पैकिंग स्टाफ, टेक्नीशियन, असिस्टेंट मैनेजर एवं रिलेशनशिप ऑफिसर जैसे विभिन्न पदों पर चयन किया जाएगा।
वेतनमान लगभग ₹10,000 से ₹24,600 प्रतिमाह तक निर्धारित है, जबकि बैंकिंग क्षेत्र के कुछ पदों पर 4.43 से 4.46 लाख रुपये वार्षिक (LPA) तक का पैकेज प्रस्तावित है।
शैक्षिक योग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं स्नातकोत्तर तक निर्धारित की गई है तथा आयु सीमा सामान्यतः 18 से 40 वर्ष के मध्य रखी गई है। पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी पात्र हैं। इच्छुक युवा अपने समस्त शैक्षिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित होकर साक्षात्कार प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकते हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी, चम्पावत ने जनपद के अधिक से अधिक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया है।




