Uttarakhand city news udham Singh Nagarआगामी होली पर्व को देखते हुए मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गदरपुर शहर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।
सचिव स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड Sachin Kurve द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य संरक्षा) ऊधम सिंह नगर ललित मोहन पाण्डे के नेतृत्व में टीम ने शहर के प्रमुख प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान काठपाल स्वीट्स, अशोका स्वीट्स, इंडियन बेकरी और न्यू ओमकार डेयरी से गुजिया, रसगुल्ला, वनस्पति घी और दूध के कुल 4 नमूने लेकर सील किए गए।
सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, Rudrapur भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में मानक के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्माण, भंडारण और विक्रय के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण/लाइसेंस खाद्य कारोबार करने या एफएसएसएआई अधिनियम 2006 के मानकों का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खाद्य पदार्थों के क्रय बिल पर FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित होना अनिवार्य बताया गया।
खाद्य कारोबारियों को बाहरी राज्यों से केवल पंजीकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही सामान खरीदने और दैनिक क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं।




