हल्द्वानी में विद्यालय प्रबंधन समिति का तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ, खंड शिक्षा अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
हल्द्वानी, : न्याय पंचायत संसाधन केंद्र लाखनमंडी के अंतर्गत आने वाले 16 विद्यालयों (प्राथमिक, जूनियर, हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेज) की विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्यों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लाखनमंडी में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस ब्लॉक परियोजना अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी श्री तारा सिंह ने औचक निरीक्षण कर उपस्थित सदस्यों को संबोधित किया।
उन्होंने बालिका शिक्षा, विद्यालय प्रबंधन में समुदाय की सहभागिता एवं विद्यालय संसाधनों के सुदृढ़ीकरण पर जोर देते हुए कहा कि “विद्यालय समाज से जुड़ा संस्थान है, इसे अपनत्व के भाव से मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।” इस दौरान उन्होंने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत प्रतिभागियों को शपथ दिलाई, जिसमें बेटियों के साथ भेदभाव न करने, समान शिक्षा के लिए प्रेरित करने, महिलाओं एवं बालिकाओं के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने, दहेज प्रथा और कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ लोगों को जागरूक करने तथा 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं की शादी रोकने का संकल्प दिलाया गया।
प्रथम दिवस के प्रशिक्षण में समग्र शिक्षा अभियान के उद्देश्य, एसएमसी गठन, शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009, बाल संरक्षण, सामाजिक समन्वय, स्कूल मैपिंग, पीएम पोषण योजना में भूमिका आदि विषयों पर चर्चा की गई।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर डिकर सिंह पडियार एवं हिमांशु रौतेला शामिल रहे।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चोर गलिया की प्रवक्ता एवं नोडल अधिकारी श्रीमती शोभा पंत ने कहा, “यदि बालिका शिक्षित होगी तो पूरा परिवार शिक्षित होगा” और अभिभावकों से बालिकाओं को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से निर्मला रूवाली, उमा कार्की, गिरीश चंद्र पांडे, अनुराधा सक्सेना, शशि मर्तोलिया, गीता जन्तवाल, संगीता कोरंगा, सविता देवी, पूरनलाल कनौजिया, सपना महतोलिया, शोभा शर्मा, तनुजा मेलकानी आदि सदस्य उपस्थित रहे। प्रशिक्षण 28 एवं 29 नवम्बर 2025 को भी जारी रहेगा।




