विश्वास और धैर्य ही विजेता बनाता है- डा. केसरवानी
पंतनगर-: वर्धा, महाराष्ट्र में आयोजित 50वीं अंतर विश्वविद्यालय कमलनयन बजाज वक्तृत्व प्रतियोगिता में पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के छात्र स्निग्ध अवस्थी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सर्वश्रेष्ठ वक्ता पुरस्कार का सम्मान प्राप्त किया। इस स्वर्ण जयंती संस्करण में देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभाशाली वक्ताओं ने भाग लिया। स्निग्ध अवस्थी ने अपने प्रभावशाली विचारों, आत्मविश्वास पूर्ण प्रस्तुति और स्पष्ट अभिव्यक्ति से सभी को प्रभावित किया। यह प्रतियोगिता युवाओं को सामाजिक एवं बौद्धिक विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है। इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन का निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर (डा.) मनमोहन सिंह चौहान, अधिष्ठाता, छात्र कल्याण डा. ए.एस. जीना तथा स्टाफ काउंसलर डा. अमित केसरवानी द्वारा समय-समय पर मिले प्रोत्साहन, मार्गदर्शन और समर्थन ने स्निग्ध अवस्थी को इस स्तर तक पहुँचने में प्रेरित किया। डा. केसरवानी ने निरंतर प्रयास और कुशल मार्गदर्शन को ही सफलता की एकमात्र कुंजी बताया। स्निग्ध अवस्थी की इस उपलब्धि से न केवल उनकी प्रतिभा उजागर हुई है, बल्कि पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।




